उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसा किस्सा सामने आया है, जिसने रिश्तों की परिभाषा को ही उलझा कर रख दिया है। यहां एक 55 साल के अधेड़ व्यक्ति ने अपने ही बेटे की मंगेतर से निकाह कर लिया। जाने इसके बारे में ? 

Rampur News:-अभी तक आपने अलीगढ़ के उस दामाद-सास की कहानी तो जरूर सुनी होगी जो साथ में फरार हो गए थे, लेकिन रामपुर से जो खबर सामने आई है, उसने रिश्तों की हर मर्यादा को पार कर दिया है। यहां एक 55 साल के अधेड़ व्यक्ति ने अपने ही बेटे की होने वाली दुल्हन से शादी कर ली। ये कहानी सुनने में जितनी अजीब लगती है, असलियत में उससे कहीं ज़्यादा चौंकाने वाली है।
शुरुआत में पिता ने बेटे का रिश्ता तय कराया
रामपुर के थाना भोट क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने करीब एक साल पहले अपने बेटे का रिश्ता अजीमनगर थाना क्षेत्र की एक लड़की से तय कराया था। परिवार खुश था, शादी की तारीख भी तय कर दी गई थी और सबकुछ सामान्य चल रहा था।
इस दौरान लड़के के पिता का लड़की के घर लगातार आना-जाना बना रहा। शुरुआत में तो सबने सोचा कि वो ससुर बनने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन किसी को क्या पता था कि इस मेलजोल के पीछे कुछ और ही कहानी पल रही है।
धीरे-धीरे ससुर-बहू के बीच पनपा प्यार
कहते हैं कि प्यार कब, कहां और किससे हो जाए – कोई नहीं जानता। कुछ ऐसा ही हुआ इस मामले में भी। धीरे-धीरे लड़की और उसके होने वाले ससुर के बीच नज़दीकियां बढ़ने लगीं। लड़की के परिवार को इस पर कोई शक नहीं हुआ क्योंकि उन्हें भरोसा था कि सामने वाला उसके दामाद का पिता है।
लेकिन धीरे-धीरे ये रिश्ता बहू और ससुर के रिश्ते से बदलकर कुछ और ही बन गया।
डॉक्टर के बहाने लड़की को लेकर हुआ फरार
करीब 8 दिन पहले, वह अधेड़ व्यक्ति कार लेकर लड़की के घर पहुंचा। उसने लड़की के घरवालों से कहा कि लड़की बहुत कमजोर है, उसे डॉक्टर के पास ले जाना है। लड़की के परिवार ने बिना किसी शक के उसे जाने दिया। लेकिन जब दोनों शाम तक नहीं लौटे, तब चिंता शुरू हुई।
फोन पर जब परिजनों ने संपर्क किया तो ससुर ने कहा कि लड़की को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। इसके बाद दो दिन तक कोई खबर नहीं मिली। और जब भी परिजन फोन करते, वह कोई न कोई बहाना बना देता।
आठ दिन बाद लौटा, मगर बहू बन चुकी थी बीवी
पूरा गांव उस समय दंग रह गया जब आठ दिन बाद वह शख्स उस लड़की को अपनी बीवी बनाकर घर लौट आया। उसने अपने ही बेटे की मंगेतर से निकाह कर लिया था। घर में मानो भूचाल आ गया।
बेटे ने जब अपनी मंगेतर को पिता की पत्नी के रूप में देखा, तो वह अपना आपा खो बैठा। दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। वहीं घर की औरतों में भी बवाल मच गया। सास और अब बनी बहू (जो अब बहू न रहकर सौतन बन चुकी थी) के बीच भी खूब झगड़ा हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों जान लेने पर उतारू हो गए।
मोहल्लेवालों और पंचायत ने किया हस्तक्षेप
मोहल्लेवालों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत किया। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां बेटे और मां ने उस शख्स को गांव से बाहर निकालने की मांग की। आखिरकार पंचायत के दबाव में वह शख्स अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर गांव छोड़ गया।
अब दूसरी जगह रह रहा है यह अनोखा जोड़ा
अब यह प्रेमी जोड़ा रामपुर जिले के ही शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रह रहा है। आसपास के इलाके में यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। हर कोई हैरान है कि कैसे एक बाप ने अपने ही बेटे की मंगेतर को बीवी बना लिया।
लड़की के परिवार वाले चुप
इस पूरे मामले में सबसे चुप रहने वाला पक्ष लड़की का परिवार है। वो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और शायद इसीलिए उन्होंने अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। उनकी चुप्पी भी लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है।
रिश्ते जब अपनी सीमाएं लांघते हैं, तो समाज में ऐसी घटनाएं जन्म लेती हैं जो न केवल चौंकाती हैं बल्कि भरोसे को भी तोड़ देती हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्यार सब कुछ जायज़ कर देता है?