राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के मानटाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बेहद शातिर लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है, जिसने अब तक 25 शादियां कर अपने दूल्हों को लूटने का खतरनाक खेल खेला, जाने इसके बारे में ? 

Sawai Madhopur News:-सवाई माधोपुर पुलिस ने एक ऐसी शातिर दुल्हन को गिरफ्तार किया है, जिसने अब तक 25 दूल्हों को अपने झांसे में फंसाकर लूट लिया। यह लुटेरी दुल्हन हर बार शादी करती और कुछ ही दिनों में दूल्हे को लूटकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसे भोपाल से गिरफ्तार किया है।
👉 कैसे पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन?
सवाई माधोपुर के मानटाउन थाने के एएसआई मीठा लाल यादव ने बताया कि आरोपी दुल्हन का नाम अनुराधा है, जो उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली है। वह फिलहाल भोपाल के शिव नगर में रह रही थी। पुलिस को उसकी तलाश तब शुरू हुई जब विष्णु शर्मा नाम के शख्स ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
👉 कैसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा?
विष्णु शर्मा ने बताया कि आरोपी सुनीता और पप्पू मीना ने उसे मनपसंद दुल्हन से शादी कराने का वादा किया था। उन्होंने अनुराधा की फोटो दिखाई और कोर्ट में इकरारनामा तैयार करवा दिया। इस शादी के लिए उन्होंने 2 लाख रुपये लिए। 20 अप्रैल को विष्णु और अनुराधा की शादी हुई, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद 2 मई की रात अनुराधा घर से जेवर, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गई।
👉 पुलिस ने कैसे पकड़ा अनुराधा को?
रिपोर्ट दर्ज होते ही मानटाउन थाना पुलिस ने एएसआई मीठा लाल यादव के नेतृत्व में एक टीम बनाई और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि अनुराधा भोपाल में है। पुलिस टीम भोपाल पहुंची और वहां जाल बिछाया। एक पुलिसकर्मी ने बोगस ग्राहक बनकर फर्जी शादी कराने वाले गिरोह से संपर्क किया। महिलाओं की जो तस्वीरें दिखाई गईं, उनमें अनुराधा भी शामिल थी। इसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा।
👉 फर्जी शादियों का बड़ा गिरोह
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अनुराधा अकेली नहीं थी, बल्कि भोपाल में एक बड़े गिरोह का हिस्सा थी। यह गिरोह लोगों को फर्जी शादी कराने का झांसा देता था। इसमें रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू, मजबूत सिंह यादव और अर्जुन जैसे लोग शामिल थे। ये लोग शादी के इच्छुक व्यक्तियों से 2 से 5 लाख रुपये तक लेते और शादी का एग्रीमेंट करवाकर दुल्हन भेजते। दुल्हन कुछ दिनों बाद मौका पाकर घर से नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाती।
👉 25 दूल्हों की जिंदगी बर्बाद कर चुकी है अनुराधा
अनुराधा अब तक 25 शादियां कर चुकी है और हर बार अपने दूल्हों को लूटकर भाग जाती थी। वह विष्णु शर्मा से फरार होने के बाद भोपाल में एक अन्य व्यक्ति गब्बर से 2 लाख रुपये लेकर फिर शादी कर चुकी थी और उसके साथ रह रही थी।
👉 पुलिस कर रही है पूछताछ
फिलहाल पुलिस अनुराधा से पूछताछ कर रही है और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अनुराधा के शिकार बने अन्य दूल्हे कौन हैं और वे किस तरह से इस धोखाधड़ी का शिकार हुए।