भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन दिनों लगातार विवादों में घिरी नजर आ रही है। कभी नेताओं के विवादित बयानों की वजह से तो कभी उनकी निजी ज़िंदगी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के चलते पार्टी की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। जाने इसके बारे में ? 

UP News:-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन दिनों एक बार फिर विवादों में है। कभी नेताओं के बयानों को लेकर तो कभी उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ताज़ा मामला उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से सामने आया है, जहां भाजपा के ज़िला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो ने पार्टी के भीतर हड़कंप मचा दिया है और आलाकमान ने तुरंत सख्त रुख अपनाया है।
पार्टी ने भेजा कारण बताओ नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री व भाजपा मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें 7 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
नोटिस के जरिए पूछा गया है कि आखिर ये वीडियो कैसे सामने आया और उसमें दिख रही घटना की सच्चाई क्या है।
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल वीडियो में एक महिला पार्टी कार्यालय की सीढ़ियों से ऊपर जाती हुई दिखाई देती है। कुछ देर बाद एक पुरुष—जिन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बताया जा रहा है—वहां आते हैं और महिला को गले लगाते हैं। फिर दोनों ऊपर की ओर चले जाते हैं।
एक और फुटेज में एक कार पार्टी कार्यालय परिसर में प्रवेश करती है, जिसमें से वही महिला उतरती है और नेता खुद गाड़ी का दरवाजा खोलते नजर आते हैं।
जिलाध्यक्ष ने दी सफाई
इस पूरे मामले में अमर किशोर कश्यप ने अपनी सफाई देते हुए कहा है,
“यह वीडियो मेरे कार्यालय का ही है। 12 अप्रैल की घटना है। महिला कार्यकर्ता की तबीयत खराब थी। उसने मुझे कॉल कर बताया कि वह थोड़ी देर आराम करना चाहती है। मैंने उसे पार्टी कार्यालय बुलाया और जब हम ऊपर गए तो उसे चक्कर आ गया, तो मैंने उसे सहारा दिया।”
जिलाध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि इस वीडियो को जानबूझकर वायरल किया गया है ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
पुलिस में शिकायत, जांच जारी
इस मामले को लेकर एक भाजपा नेत्री ने छपिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सच्चाई का पता लगाने के लिए टेक्निकल टीम को लगाया गया है।
यह कोई पहला मामला नहीं
गौर करने वाली बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा का कोई नेता आपत्तिजनक वीडियो के चलते सुर्खियों में आया हो। इससे पहले मध्य प्रदेश के भाजपा नेता मनोहरलाल धाकड़ का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला के साथ हाईवे पर आपत्तिजनक हालत में दिखे थे। वह पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था।
लगातार इस तरह के मामलों ने भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाया है। जहां एक ओर पार्टी नैतिकता और अनुशासन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके कुछ नेता अपनी हरकतों से इन मूल्यों को ठेंगा दिखा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या केवल नोटिस भेजना या सफाई मांगना काफी है, या पार्टी को ऐसे मामलों पर और सख्त कदम उठाने होंगे?
भाजपा नेता का यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है, यह पार्टी की आंतरिक कार्यशैली, अनुशासन और छवि से भी जुड़ा हुआ है। अब देखना यह होगा कि पार्टी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप की सफाई से संतुष्ट होती है या उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई होती है।